नई दिल्ली । इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) रिकॉर्ड छठा खिताब जीतने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। हालांकि इ...
नई
दिल्ली । इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK)
रिकॉर्ड छठा खिताब जीतने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। हालांकि इस सीजन को
लेकर एक बड़ा सवाल यह भी है कि क्या यह महेंद्र सिंह धोनी का आखिरी आईपीएल
होगा। पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने संकेत दिए हैं कि फैंस शायद इस
सीजन में धोनी को आखिरी बार पीली जर्सी में खेलते देख सकते हैं।
इरफान पठान ने क्या कहा
जियोहॉटस्टार
से बातचीत में पठान ने कहा कि धोनी के बिना चेन्नई सुपर किंग्स की कल्पना
करना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि टीम के लिए धोनी सिर्फ खिलाड़ी ही नहीं
बल्कि ड्रेसिंग रूम में एक मजबूत मार्गदर्शक भी हैं। भले ही वह कितने मैच
खेलें यह तय नहीं है, लेकिन उनकी मौजूदगी टीम को एकजुट रखने में अहम भूमिका
निभाएगी।
संजू सैमसन को ट्रेड किया
इस बीच आईपीएल 2026 से
पहले चेन्नई सुपर किंग्स ने राजस्थान रॉयल्स से संजू सैमसन को ट्रेड किया
है। पठान के मुताबिक सैमसन को टीम के नेतृत्व समूह का हिस्सा बनने का फायदा
मिलेगा। फिलहाल रुतुराज गायकवाड़ टीम की कप्तानी कर रहे हैं, लेकिन टीम
मैनेजमेंट भविष्य को ध्यान में रखते हुए कई खिलाड़ियों को लीडरशिप के लिए
तैयार कर रहा है। इसमें धोनी का अनुभव बेहद अहम माना जा रहा है।
पांच बार आईपीएल ट्रॉफी जीत चुकी
धोनी
की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स अब तक पांच बार आईपीएल ट्रॉफी जीत चुकी
है। 44 वर्षीय धोनी इस बार भी टीम के साथ नजर आएंगे। वहीं स्टार ऑलराउंडर
रवींद्र जडेजा के राजस्थान रॉयल्स में जाने के बाद टीम में एक खाली जगह बनी
है।
ये खिलाड़ी निभा सकता है अहम रोल
पठान का मानना है कि
उत्तर प्रदेश के युवा ऑलराउंडर प्रशांत वीर इस भूमिका को अच्छी तरह निभा
सकते हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जडेजा को भी शुरुआती दिनों में
राजस्थान रॉयल्स में शेन वॉर्न का भरोसा मिला था, जिससे उनका आत्मविश्वास
बढ़ा और वह आगे चलकर बड़े खिलाड़ी बने। पठान के मुताबिक अगर प्रशांत वीर को
लगातार मौके मिलते हैं तो वह भी टीम के लिए अहम खिलाड़ी बन सकते हैं।



No comments