जांजगीर-चांपा। सक्ती जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोरखापाली में होली के दिन विवाद के बाद मारपीट, लूटपाट और आगजनी की गंभी...
जांजगीर-चांपा।
सक्ती जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोरखापाली में होली के
दिन विवाद के बाद मारपीट, लूटपाट और आगजनी की गंभीर घटना सामने आई है।
पीड़ित पक्ष ने गांव के वर्तमान सरपंच के पति सनत पटेल सहित करीब 25 से 30
लोगों पर हमला करने, घर में आग लगाने और कीमती सामान लूटने का आरोप लगाया
है। इस संबंध में पीड़ित परिवार ने मालखरौदा थाने में लिखित शिकायत दर्ज
कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित पक्ष
के आनन्दराम कुर्रे (45) और सुकदेव कुर्रे (32) निवासी ग्राम गोरखापाली
होली की सुबह लगभग 9 बजे वे गांव के सरपंच के घर के पीछे स्थित डबरी तालाब
के पास बैठे हुए थे। इसी दौरान गांव के कुछ लोग वहां पहुंचे और कथित रूप से
जातिसूचक गालियां देते हुए उन्हें गांव से बाहर निकालने की धमकी देने लगे।
पीड़ितों का आरोप है कि आरोपितो ने शराब पिलाने की मांग की और मना करने पर
विवाद बढ़ गया। इसके बाद आरोपितों ने लाठी-डंडों के साथ उनके ऊपर हमला
करने की कोशिश की, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
शिकायत के
अनुसार, जब सुकदेव कुर्रे ने मामले को शांत कराने और बीच-बचाव का प्रयास
किया, तब धक्का-मुक्की के दौरान गांव का कोटवार गिर पड़ा और उसे चोट लग गई।
इस घटना के बाद मामला और अधिक उग्र हो गया। आरोप है कि कुछ ही देर में
करीब 25 से 30 लोग एकजुट होकर पीड़ित परिवार के घर पहुंच गए और वहां
तोड़फोड़ करते हुए घर में आग लगा दी।
पीड़ित परिवार का कहना है कि
आगजनी की इस घटना में उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। आग की चपेट में
आने से घर में रखा लगभग 25 लाख रुपये मूल्य का डीजे सेट, करीब 5 लाख रुपए
का पिकअप वाहन और एक बुलेट मोटरसाइकिल जलकर राख हो गई। इसके अलावा घर में
रखे सोने-चांदी के जेवरात तथा अन्य कीमती सामान भी लूटकर ले जाने का आरोप
लगाया गया है।
पीड़ितों का यह भी आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-
डंडों और अन्य हथियारों के साथ घर को चारों ओर से घेर लिया था। स्थिति को
देखते हुए परिवार के लोगों को अपनी जान बचाने के लिए घर के पीछे के दरवाजे
से भागना पड़ा। किसी तरह वे मालखरौदा थाने पहुंचे और पूरे मामले की शिकायत
दर्ज कराई।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-सुमित गुप्ता, एसडीओपी, डभरा



No comments