Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Pages

ब्रेकिंग

latest

कोरबा मेडिकल कॉलेज परिसर में आग, कबाड़ गाड़ियों के 6 वाहन जलकर खाक

   कोरबा। जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब अस्पताल के पीछे खड़ी पुरानी कबाड़ गाड़ियों में अचानक भीषण...

  

कोरबा। जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब अस्पताल के पीछे खड़ी पुरानी कबाड़ गाड़ियों में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और परिसर में धुएं का घना गुबार फैल गया।

आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। अस्पताल परिसर के पीछे लंबे समय से कई पुरानी और अनुपयोगी गाड़ियां कबाड़ के रूप में खड़ी थीं। इन्हीं वाहनों में अचानक आग भड़क उठी और कुछ ही देर में कई गाड़ियां इसकी चपेट में आ गईं।

आग की लपटें और धुआं दूर तक दिखाई देने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने पहले अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, साथ ही इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। बताया जा रहा है कि दमकल की टीम मौके पर देर से पहुंची, जिसके कारण आग तेजी से फैलती चली गई। जब तक दमकल की गाड़ियां पहुंचीं, तब तक छह वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो चुके थे।

दमकल कर्मियों ने पहुंचते ही आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। जिस स्थान पर आग लगी, उसके पास ही डॉक्टरों और अस्पताल स्टाफ की आवासीय कॉलोनी स्थित है। इससे लोगों में भय समा गया कि कहीं आग कॉलोनी तक न पहुंच जाए। हालांकि दमकल की टीम ने समय रहते आग को फैलने से रोक लिया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल परिसर में लंबे समय से पुरानी गाड़ियां और अन्य कबाड़ पड़ा हुआ था, इससे सुरक्षा को लेकर कई बार सवाल उठते रहे हैं। बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर वाहन खड़े थे, वहां अक्सर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता था। पास में संचालित ओएसटी सेंटर में आने वाले कुछ नशे के आदी युवक भी इन गाड़ियों के आसपास बैठते देखे जाते थे।

ऐसे में यह आशंका भी जताई जा रही है कि किसी असामाजिक तत्व की हरकत के कारण आग लगी हो सकती है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता अभी तक नहीं चल पाया है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और कबाड़ वाहनों को हटाने की व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

No comments