नई दिल्ली । पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में हवाई हमला किया है। रिपोर्ट के मुताबिक काबुल से लेकर कंधार तक कई जगहों पर बमबारी की गई और तेज ...
नई
दिल्ली । पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में हवाई हमला किया है। रिपोर्ट के
मुताबिक काबुल से लेकर कंधार तक कई जगहों पर बमबारी की गई और तेज धमाकों की
आवाजें सुनी गईं। इस हमले में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग
घायल हुए हैं।
एक पाकिस्तानी सुरक्षा अधिकारी ने नाम उजागर न करने
की शर्त पर बताया कि यह हमला देर रात किया गया। अधिकारी के अनुसार,
पाकिस्तानी सेना ने कार्रवाई के दौरान पाकिस्तानी तालिबान से जुड़े ठिकानों
को निशाना बनाया।
काबुल पुलिस के प्रवक्ता खलील जादरान ने जानकारी
दी कि राजधानी में घरों पर हुई बमबारी में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 15
लोग घायल हो गए।
तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्ला मुजाहिद ने
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि पाकिस्तानी हमलों का
निशाना दक्षिणी प्रांत कंधार भी बना, जहां अफगान प्रशासन का शीर्ष नेतृत्व
रहता है।
मुजाहिद ने आगे कहा कि पाकिस्तान ने पूर्वी पक्तिया और
पक्तिका प्रांतों में भी हमले किए। ये दोनों प्रांत पाकिस्तान की सीमा से
सटे हुए हैं। हालांकि पाकिस्तान का कहना है कि इस कार्रवाई में किसी भी आम
नागरिक को निशाना नहीं बनाया गया।
पाकिस्तान ने पिछले महीने फरवरी
में भी अफगानिस्तान में हवाई हमले किए थे। पाकिस्तान का दावा है कि
अफगानिस्तान की सीमा से उस पर लगातार हमले बढ़ रहे हैं, इसलिए उग्रवादी
समूहों के खिलाफ यह अभियान चलाया जा रहा है।
वहीं तालिबान सरकार ने
पाकिस्तान के इन आरोपों को खारिज कर दिया है। अफगानिस्तान का कहना है कि
उसके इलाके का इस्तेमाल उग्रवादी गतिविधियों के लिए नहीं किया जा रहा और इन
घटनाओं से उसका कोई संबंध नहीं है।



No comments