नई दिल्ली । नेपाल के नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री बालेन शाह ने कार्यभार संभालते ही भारत के साथ द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाई पर ले जाने का...
नई
दिल्ली । नेपाल के नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री बालेन शाह ने कार्यभार
संभालते ही भारत के साथ द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाई पर ले जाने का
संकल्प दोहराया है। शनिवार को अपने पहले आधिकारिक संबोधन में उन्होंने
स्पष्ट किया कि वह साझा समृद्धि और क्षेत्रीय स्थिरता के लिए भारत के साथ
मिलकर काम करने को उत्सुक हैं।
बालेन शाह ने शुक्रवार को शपथ ग्रहण
समारोह के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दी गई शुभकामनाओं के लिए
उनका विशेष धन्यवाद किया। नेपाल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया
प्लेटफॉर्म 'X' पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा,"धन्यवाद, PM @narendramodi,
आपके स्नेहपूर्ण शब्दों और शुभकामनाओं के लिए। मैं हमारे लोगों की साझा
समृद्धि के लिए, और दोनों देशों के बीच बहुआयामी संबंधों को आगे बढ़ाने के
लिए आपके साथ मिलकर काम करने को उत्सुक हूं।"
भारत पर निर्भर रहा है नेपाल
बता
दें कि भौगोलिक दृष्टि से 'लैंडलॉक्ड' (चारों ओर से जमीन से घिरा) होने के
कारण नेपाल अपनी अनिवार्य वस्तुओं, सेवाओं और अंतरराष्ट्रीय व्यापार के
लिए भारत पर निर्भर रहा है। समुद्र तक नेपाल की पहुंच का एकमात्र विश्वसनीय
मार्ग भारत ही है, जो इसे नेपाल के लिए एक अनिवार्य और महत्वपूर्ण सहयोगी
बनाता है।
लोकतांत्रिक तरीके से सत्ता में आए हैं बालेन शाह
बालेन
शाह का प्रधानमंत्री चुना जाना नेपाल के लोकतांत्रिक इतिहास में एक
ऐतिहासिक मोड़ है। वह देश के पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं जो युवाओं के
नेतृत्व वाले 'Gen Z' विरोध प्रदर्शनों के बाद लोकतांत्रिक तरीके से सत्ता
में आए हैं। मालूम हो कि पिछले साल सितंबर में भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और
सोशल मीडिया पर प्रतिबंध के खिलाफ युवाओं का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा था,
जिसके परिणामस्वरूप तत्कालीन ओली सरकार को सत्ता से बेदखल होना पड़ा।



No comments