Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Pages

ब्रेकिंग

latest

रायपुर में सुरक्षा अफसर को अंडरवर्ल्ड डॉन की धमकी

   रायपुर । छत्तीसगढ़ के रायपुर में एक सिक्योरिटी अफसर के साथ 20 लाख रुपए की धोखाधड़ी और अंडरवर्ल्ड के नाम पर धमकी देने का मामला सामने आया...

  

रायपुर । छत्तीसगढ़ के रायपुर में एक सिक्योरिटी अफसर के साथ 20 लाख रुपए की धोखाधड़ी और अंडरवर्ल्ड के नाम पर धमकी देने का मामला सामने आया है। मकान बनवाने के लिए एडवांस पैसे लेने के बाद ठेकेदार ने काम अधूरा छोड़ दिया।

जब सिक्योरिटी अफसर ने पैसे वापस मांगे, तो उसे छोटा शकील और दाऊद इब्राहिम के गुर्गों से गोली मरवाने की धमकी दिलाई गई। घटना डीडी नगर थाना क्षेत्र की है।

दरअसल, एनआईटी (NIT) कैंपस में पदस्थ सिक्योरिटी अफसर बलराम नायक ने अवंति विहार निवासी ठेकेदार दिनेश देवांगन (मेसर्स पुनिवर्सल ब्रिक्स) के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। बलराम नायक के मुताबिक, उन्होंने महादेव घाट रोड स्थित सुदर्शन विहार में अपने मकान के पुनर्निर्माण का जिम्मा दिनेश को सौंपा था।

साल 2024 से 2025 के बीच उन्होंने किश्तों में करीब 20 लाख रुपए का भुगतान किया, लेकिन ठेकेदार ने काम पूरा नहीं किया।

पीड़ित का आरोप है कि, जब उन्होंने काम पूरा करने या पैसे लौटाने का दबाव बनाया, तो ठेकेदार अपनी असली पहचान पर उतर आया। ठेकेदार ने एक कथित अपराधी से बलराम को फोन करवाया।

फोन करने वाले ने खुद को अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील और दाऊद इब्राहिम का करीबी बताते हुए कहा कि अगर दोबारा पैसे मांगे तो गोली मार दी जाएगी। यही नहीं, आरोप है कि ठेकेदार ने कुछ गुंडों की मदद से फर्जी इकरारनामे पर जबरन हस्ताक्षर कराने और ब्लैकमेल करने की भी कोशिश की।

लंबे समय तक टालमटोल और जान से मारने की धमकी मिलने के बाद पीड़ित ने डीडी नगर थाने में शरण ली। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी ठेकेदार दिनेश देवांगन के खिलाफ धोखाधड़ी, ब्लैकमेलिंग और जान से मारने की धमकी समेत विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

No comments