रायपुर । राजधानी रायपुर में देसी बम बनाने वाला आरोपी विनय देवांगन पकड़ा गया है। पुलिस ने उसे 12 मई की रात रावाभाठा इलाके से गिरफ्तार किया ...
रायपुर । राजधानी रायपुर में देसी बम बनाने वाला आरोपी विनय देवांगन पकड़ा गया है। पुलिस ने उसे 12 मई की रात रावाभाठा इलाके से गिरफ्तार किया है, इसी इलाके में मितानिन के घर से बम बनाने का रॉ मटेरियल मिला था। आरोपी विनय कांग्रेस नेता और बीरगांव महापौर नंदलाल देवांगन का साला है।
पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि, वह बम बनाने की तैयारी क्यों कर रहा था, उसके पास ये सामान कहां से आया। साथ ही इस मामले में और कौन-कौन लोग जुड़े हैं। मामला खमतराई थाना क्षेत्र का है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रविशंकर शुक्ल वार्ड के रावाभाठा इलाके में मितानिन पुष्पा साहू का मकान है। पुष्पा साहू और उनके परिवार का बीरगांव निवासी विनय देवांगन से परिचय है। 6 मई की शाम विनय मितानिन के घर बैग लेकर पहुंचा था।
उसने कहा कि वह बैग अभी कुछ समय के लिए यहां रख रहा है और बाद में ले जाएगा। इसके बाद वह वहां से चला गया। मितानिन को इस पर शक हुआ, तो उसने वार्ड पार्षद अश्वनी यादव को सूचना दी।
पार्षद ने की थी बैग की जांच
सूचना मिलने पर अश्वनी यादव रात में मितानिन के घर पहुंचे और सुबह आने की बात कहकर चले गए। 7 मई की सुबह 8 बजे वार्ड पार्षद स्थानीय रहवासियों के साथ मौके पर पहुंचे और बैग खोलकर जांच की। उसमें एयर गन और देसी बम बनाने का सामान मिला।
इसके बाद पार्षद ने पुलिस को सूचना दी, जिस पर नॉर्थ जोन के अधिकारी मौके पर और बम निरोधक दस्ता (BDDS) मौके पर पहुंचे थे। बैग से बैटरी, वायर, एयरगन, दो बोतल कैमिकल और डेटोनेटर नुमा सामान बरामद किया गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।
आरोपी से पूछताछ जारी
इस मामले के सामने आने के बाद आरोपी विनय देवांगन फरार हो गया था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। इसके बाद रायपुर पुलिस ने 12 मई को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
बम या IED बनाने में इस्तेमाल होते हैं ये सामान
आरोपी के रखवाए बैग से जो सामान मिला है, बैटरी, वायर, कैमिकल, डेटोनेटर ये सब आमतौर पर विस्फोटक डिवाइस या IED (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले सामान होते हैं। वहीं एयरगन अलग से हथियार या ट्रेनिंग/शिकार जैसी गतिविधियों में इस्तेमाल होती है।



No comments