नई दिल्ली । भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह और मछलीशहर की सांसद प्रिया सरोज की प्रेम कहानी इन दिनों सोशल मीडिया से लेकर गलियारों तक चर्चा क...
नई
दिल्ली । भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह और मछलीशहर की सांसद प्रिया सरोज की
प्रेम कहानी इन दिनों सोशल मीडिया से लेकर गलियारों तक चर्चा का विषय बनी
हुई है। साल 2025 में सगाई के बंधन में बंधे इस जोड़े की लव स्टोरी किसी
रोमांटिक फिल्म की पटकथा जैसी लगती है। हाल ही में एक पॉडकास्ट के दौरान
रिंकू सिंह ने अपनी इस दिलचस्प प्रेम कहानी की परतों को खोलते हुए कई
मजेदार खुलासे किए।
रिंकू और प्रिया के रिश्ते की शुरुआत साल 2023
में एक सोशल मीडिया मैसेज के जरिए हुई थी। रिंकू बताते हैं कि एक फैनपेज पर
प्रिया की तस्वीर देखकर वे इतने प्रभावित हुए कि खुद को रोक नहीं पाए।
उन्होंने 'हाय-हेलो' का मैसेज भेजकर बातचीत शुरू की। धीरे-धीरे मैसेजेस का
यह सिलसिला कॉल और फिर घंटों चलने वाली वीडियो कॉल्स में बदल गया। रिंकू ने
हंसते हुए बताया कि शुरुआत में प्रिया इतनी शर्मीली थीं कि वीडियो कॉल पर
अपना चेहरा छिपाने के लिए लाइट बंद कर दिया करती थीं।
मजाक-मजाक में
शुरू हुई यह बातचीत कब प्यार में बदल गई, इन्हें पता ही नहीं चला। गोवा
में एक टूर्नामेंट के दौरान रिंकू ने अपने प्यार का इजहार किया। प्रिया ने
रिंकू का प्रस्ताव तो स्वीकार किया, लेकिन एक अटूट शर्त के साथ। उन्होंने
स्पष्ट कर दिया कि यदि यह रिश्ता आगे बढ़ेगा, तो बात सीधे शादी तक जानी
चाहिए। रिंकू ने भी इस शर्त को सहर्ष स्वीकार कर लिया।
रिंकू ने
अपनी पहली 'डेट' का एक बेहद मजेदार किस्सा साझा किया। रात के करीब 10.30
बजे का समय तय हुआ था। रिंकू को उम्मीद थी कि प्रिया उनसे अकेले मिलने
आएंगी, इसलिए वे कैजुअल शॉर्ट्स पहनकर ही पहुंच गए। लेकिन उन्हें तब बड़ा
झटका लगा जब उन्होंने देखा कि प्रिया अकेले नहीं, बल्कि अपने भाई, बहन और
दो दोस्तों की 'पूरी पलटन' के साथ आई थीं।
साल 2023 दोनों के जीवन
में बड़े बदलाव लेकर आया। एक तरफ रिंकू मैदान पर छक्के जड़कर 'सिक्सर किंग'
बन रहे थे, तो दूसरी तरफ प्रिया चुनाव जीतकर संसद पहुंच गईं। हालांकि,
प्रिया के लिए उस वक्त आईएएस अफसरों के रिश्ते आ रहे थे, लेकिन उनके
भाई-बहनों के समर्थन और आपसी भरोसे ने इस रिश्ते को टूटने नहीं दिया। रिंकू
का मानना है कि प्रिया उनके लिए 'लकी चार्म' हैं; वे जब भी स्टेडियम में
होती हैं, रिंकू का बल्ला जमकर बोलता है। आज यह जोड़ा न केवल एक-दूसरे की
ढाल बना हुआ है, बल्कि लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा भी है।



No comments