Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Pages

ब्रेकिंग

latest

UP के दो दोस्तों की कहानी का कमाल, ‘होमबाउंड’ ने ऑस्कर तक मचाई धूम

   मुंबई । उत्तर प्रदेश के एक छोटे से गांव देवरी की पृष्ठभूमि पर बनी फिल्म 'होमबाउंड' (Homebound) वैश्विक स्तर पर अपनी सादगी और गह...

  

मुंबई । उत्तर प्रदेश के एक छोटे से गांव देवरी की पृष्ठभूमि पर बनी फिल्म 'होमबाउंड' (Homebound) वैश्विक स्तर पर अपनी सादगी और गहराई से दर्शकों का दिल जीतने के बाद अब पुरस्कार समारोहों में भी धूम मचा रही है। ऑस्कर की टॉप-15 शॉर्टलिस्ट में जगह बनाकर इतिहास रचने वाली इस फिल्म को अब प्रतिष्ठित '8वें क्रिटिक्स चॉइस अवॉर्ड्स' में कई प्रमुख श्रेणियों में सम्मानित किया गया है।

नीरज घायवान द्वारा निर्देशित 'होमबाउंड' को 'सर्वश्रेष्ठ फिल्म' का पुरस्कार मिला है। वहीं, सामाजिक मुद्दों को संवेदनशीलता से पर्दे पर उतारने के लिए नीरज घायवान को 'सर्वश्रेष्ठ निर्देशक' चुना गया। फिल्म में दमदार अभिनय के लिए विशाल जेठवा को 'सर्वश्रेष्ठ अभिनेता' और शालिनी वत्स को 'सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री' के पुरस्कार से नवाजा गया।

इस ऐतिहासिक सफलता पर फिल्म के मेकर्स ने बुधवार को सोशल मीडिया पर अपनी खुशी साझा की। इंस्टाग्राम पर फिल्म के किरदारों की तस्वीरें पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा, 'जीत की खुशियां घर लौटकर। ‘क्रिटिक्स चॉइस अवॉर्ड्स’ द्वारा दिए गए सभी सम्मान को प्राप्त करके हम दिल से आभारी हैं।”
क्या है फिल्म की कहानी?

26 सितंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई 'होमबाउंड' की कहानी दोस्ती, सामाजिक भेदभाव और महामारी जैसे गंभीर मुद्दों पर आधारित है। यह दो बचपन के दोस्तों, शोएब (ईशान खट्टर) और चंदन (विशाल जेठवा) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो पुलिस बनने का सपना देखते हैं। मुस्लिम और दलित समुदायों से ताल्लुक रखने वाले इन दोस्तों के सरकारी नौकरी पाने के सफर में गरीबी और जातिवाद जैसी कठिन चुनौतियां आड़े आती हैं।
वैश्विक स्तर पर मिली पहचान

ऑस्कर 2026 की 'बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म' श्रेणी में 'होमबाउंड' को टॉप-15 फिल्मों की शॉर्टलिस्ट में जगह मिली थी, हालांकि यह अंतिम पांच नामांकनों में शामिल नहीं हो सकी। इसके बावजूद, फिल्म ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काफी लोकप्रियता हासिल की है।

कान्स फिल्म फेस्टिवल और टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में स्क्रीनिंग के दौरान फिल्म को 'स्टैंडिंग ओवेशन' मिला था। फिल्म में ईशान खट्टर, जान्हवी कपूर, विशाल जेठवा और शालिनी वत्स मुख्य भूमिकाओं में हैं।

No comments