कोरबा: गर्मी के दिनों में लगातार सामने आ रही अग्निकांड की घटनाओं के बीच शुक्रवार की रात मानिकपुर बस्ती में शार्ट सर्किट से भीषण आग लग गई...
कोरबा:
गर्मी के दिनों में लगातार सामने आ रही अग्निकांड की घटनाओं के बीच
शुक्रवार की रात मानिकपुर बस्ती में शार्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग
इतनी तेजी से फैली कि घर के आंगन में खड़ी आटो और दुपहिया वाहन देखते ही
देखते धू-धू कर जलने लगे। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना
मिलने पर दमकल की टीम और मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची तथा काफी
मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। समय रहते आग नहीं बुझती तो आसपास के
मकान भी इसकी चपेट में आ सकते थे।
देखते ही देखती चिंगारी बदली आग की लपटों में
घटना
मानिकपुर चौकी क्षेत्र के मानिकपुर बस्ती मुख्य मार्ग की है। बताया जा रहा
है कि लोचन सोनी के मकान के आंगन में लगे इलेक्ट्रिक बोर्ड में अचानक
शार्ट सर्किट हुआ। इससे निकली चिंगारी ने पास में खड़ी आटो और दुपहिया वाहन
को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और
पूरे आंगन में धुआं फैल गया। उस समय परिवार के सदस्य घर के अलग-अलग कमरों
में मौजूद थे। शुरुआत में किसी को आग लगने की जानकारी नहीं मिल सकी। जैसे
ही लोगों ने धुआं और लपटें देखीं, घर में चीख-पुकार मच गई। परिवार के सदस्य
तत्काल बाहर निकले। आसपास के लोगों ने भी मौके पर पहुंचकर बाल्टी और पाइप
से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग लगातार बढ़ती रही।
साइकल दुकान संचालित करते हैं पीड़ित
घटना
की सूचना दमकल विभाग को दी गई। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के
बाद आग पर काबू पाया। वहीं मानिकपुर चौकी में पदस्थ एएसआइ कुलदीप तिवारी
भी पुलिस स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुटे रहे। स्थानीय
लोगों के अनुसार लोचन सोनी घर के पास साइकिल दुकान संचालित करते हैं और
आटो भी चलाते हैं। आगजनी में ऑटो, दुपहिया वाहन और मकान का एक हिस्सा जल
गया, जिससे उन्हें भारी नुकसान हुआ है।
बिजली तारों पर बढ़ता है दबाव
गर्मी
के मौसम में लगातार बढ़ रही अग्निकांड की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा
दी है। बताना होगा इस मौसम में बिजली के तारों पर अधिक दबाव, पुराने
वायरिंग सिस्टम और लापरवाही के कारण शार्ट सर्किट की घटनाएं तेजी से बढ़ती
हैं। ऐसे में घरों में बिजली व्यवस्था की नियमित जांच और सावधानी बेहद
जरूरी हो गई है।
गर्मी के दिनों में बिजली उपकरणों का उपयोग बढ़ने
से वायरिंग पर दबाव बढ़ जाता है। पुराने तार, ढीले कनेक्शन और ओवरलोड की
स्थिति शॉर्ट सर्किट का कारण बनती है। विशेषज्ञ समय-समय पर वायरिंग जांच
कराने और खराब बोर्ड व तार तुरंत बदलने की सलाह देते हैं।
समय रहते बुझी आग, टला बड़ा हादसा
स्थानीय
लोगों और दमकल टीम की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया।
मानिकपुर बस्ती घनी आबादी वाला क्षेत्र है। यदि आग आसपास के मकानों तक
पहुंच जाती तो बड़ा नुकसान हो सकता था।



No comments